सौर ऊर्जा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को किया सम्मानित
योजना के मई माह के प्रदर्शन में कुरुक्षेत्र रहा अग्रणी
खबरी प्रशाद, बरवाला | गुरदीप सिंह
हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के नेतृत्व में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिली है। मई 2026 को “मंथ ऑफ सोलर” के रूप में मनाते हुए यूएचबीवीएन के विभिन्न सर्कलों, डिवीजनों और उपमंडलों ने सौर ऊर्जा अपनाने को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
योजना के सफल क्रियान्वयन में फील्ड अधिकारियों, बैंकों तथा अधिकृत वेंडरों की सक्रिय भागीदारी और समर्पित प्रयासों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करने तथा प्रक्रियाओं को सरल बनाने के परिणामस्वरूप राज्य में सौर ऊर्जा अपनाने की गति लगातार बढ़ रही है।
आज यूएचबीवीएन मुख्यालय, पंचकूला में आयोजित एक समारोह में प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मई माह के दौरान अधीक्षण अभियंता (एसई), कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) तथा उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कार्यालयों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मई माह के प्रदर्शन में अधीक्षण अभियंता श्रेणी में कुरुक्षेत्र सर्कल ने 1,062 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर निगम में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यकारी अभियंता श्रेणी में भी एक्सईएन ऑपरेशन डिवीजन, कुरुक्षेत्र ने 603 स्थापनाओं के साथ पहला स्थान हासिल किया। एक्सईएन कैथल डिवीजन 446 स्थापनाओं के साथ दूसरे तथा एक्सईएन जगाधरी डिवीजन 346 स्थापनाओं के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
उपमंडल अधिकारी श्रेणी में पिपली सब-डिवीजन ने 188 स्थापनाओं के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। कलायत और नंबर-2, कुरुक्षेत्र सब-डिवीजन 148 स्थापनाओं के साथ दूसरे तथा ईस्ट अंबाला सब-डिवीजन 136 स्थापनाओं के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
कुरुक्षेत्र सर्कल ने योजना के क्रियान्वयन में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निगम के अग्रणी सर्कलों में अपनी विशेष पहचान बनाई। मई माह के प्रदर्शन के अतिरिक्त, समग्र (ओवरऑल) वार्षिक प्रदर्शन के आधार पर भी एसई कुरुक्षेत्र सर्कल, एक्सईएन कुरुक्षेत्र डिवीजन तथा एसडीओ नंबर-1, रोहतक को विशेष उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। इन कार्यालयों ने उपभोक्ता जागरूकता, सौर संयंत्र स्थापना तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में निरंतर उत्कृष्ट योगदान दिया है।
वेंडर श्रेणी में गुरु महिमा एंटरप्राइजेज ने 198 स्थापनाओं के साथ प्रथम, हरियाणा सोलर एनर्जी और हिंदुस्तान सोलर ने 163-163 स्थापनाओं के साथ द्वितीय तथा अरोमा टेक्नोवेशन ने 103 स्थापनाओं के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रति उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि, बैंकों की सक्रिय भागीदारी तथा वेंडरों के सहयोग से राज्य में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह योजना उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली बिलों में उल्लेखनीय बचत सुनिश्चित कर रही है। बेहतर प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को सम्मानित करने से अन्य इकाइयों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिल रही है, जिससे हरियाणा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत कर रहा है।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!