नगर खेड़ी में उमड़ा जनसैलाब, हजारों महिलाओं और जनता ने अंकुश निषाद को दिया ऐतिहासिक समर्थन
वार्ड नंबर 10 अभयपुर इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर-14 पंचकूला से पार्षद प्रत्याशी अंकुश निषाद के समर्थन में आज नगर खेड़ी के समक्ष एक भव्य जनसभा एवं जनआशीर्वाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशाल कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि इस बार वार्ड नंबर 10 की जनता ने अंकुश निषाद को विजयी बनाने का संकल्प ले लिया है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनता ने हाथ खड़े कर अंकुश निषाद के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और पूरे क्षेत्र में “अंकुश नहीं ये आंधी है, वार्ड नंबर 10 की शान है” जैसे नारों से माहौल जोशीला हो गया।इस अवसर पर पूर्व मेयर सीमा चौधरी, पूर्व पार्षद सुभाष निषाद, जीरकपुर ढकोली पंजाब से पार्षद धर्मेंद्र कुमार गौतम, जसवीर सिंह बिर्क, सुरेश कुमार शर्मा, राजबाला सहित इनेलो पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व पार्षद सुभाष निषाद ने भावुक अंदाज में कहा कि वर्षों तक उन्होंने जनता की सेवा की है और आज जनता का प्यार उनके परिवार को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि“अभयपुर की जनता किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं, बल्कि अपने बेटे अंकुश को जानती है। अंकुश का परिवार, उसका घर और उसका जीवन अभयपुर की जनता के बीच ही है। अगर रात के समय भी किसी को कोई समस्या होगी तो अंकुश हर समय जनता के साथ खड़ा मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि “मैं जनता से वचन देता हूं कि यदि अंकुश जनता के कार्य नहीं करेगा तो अगली बार मैं खुद वोट मांगने नहीं आऊंगा। लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि अंकुश हर घर, हर व्यक्ति और हर समस्या के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।”
वहीं युवा प्रत्याशी अंकुश निषाद ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली बार कुछ वोटों से मिली हार उनके दिल में एक कसक बनकर रह गई थी, लेकिन इस बार वह जनता के विश्वास और आशीर्वाद को जीत में बदलने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि“मैं अभयपुर का बेटा हूं, मेरा परिवार, मेरा घर और मेरा भविष्य इसी वार्ड से जुड़ा है। मैं सदैव जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करूंगा और हर छोटे-बड़े कार्य के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा।”
कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने अंकुश निषाद को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस बार वार्ड नंबर 10 में विकास, ईमानदारी और जनसेवा की राजनीति को प्राथमिकता दी जाएगी।
जनसभा के अंत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर वार्ड नंबर 10 के विकास, पारदर्शिता और जनहित के लिए अंकुश निषाद को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!