रेखा शर्मा–कुलदीप बिश्नोई विवाद में भाजपा बैकफुट पर, बड़ौली बोले- विदेश से लौटने के बाद होगी बैठक
हरियाणा की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को लेकर उठा विवाद अब सुलझाने की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा और पार्टी नेता कुलदीप बिश्नोई के बीच बयानबाजी से उपजे विवाद पर फिलहाल पार्टी ने नरमी का रुख अपनाया है।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के हस्तक्षेप के बाद भाजपा ने कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी करने का फैसला टाल दिया है। पार्टी अब इस पूरे मामले को आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश में जुटी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई फिलहाल विदेश दौरे पर हैं। उनके लौटने के बाद पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
दरअसल, 24 अप्रैल को पंचकूला में आयोजित एक जनसभा के दौरान रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इस बयान पर कुलदीप बिश्नोई ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एक वीडियो जारी किया और इसे भजनलाल का अपमान बताया। उन्होंने रेखा शर्मा से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए पार्टी नेतृत्व पर भी सवाल खड़े किए।
इससे पहले 3 मई को अंबाला में मोहनलाल बड़ौली ने संकेत दिए थे कि कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी किया जा सकता है, लेकिन अब पार्टी का रुख बदलता नजर आ रहा है और सख्त कार्रवाई की बजाय सुलह का रास्ता अपनाया जा रहा है।
दो दिन पहले सोनीपत में मीडिया से बातचीत के दौरान मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि रेखा शर्मा का बयान व्यक्तिगत था और पार्टी का उससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुलदीप बिश्नोई से संवाद जारी है और जल्द ही इस विवाद का समाधान निकाल लिया जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस विवाद को लंबा खींचने के पक्ष में नहीं है और संगठनात्मक एकता बनाए रखने के लिए अंदरूनी मतभेदों को समय रहते सुलझाने की रणनीति पर काम कर रही है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!