वार्ड नंबर 2 : टिकट के लिए बीजेपी में मारामारी विपक्ष को उम्मीदवारों की तलाश, पूर्व पार्षद के कार्यों का हिसाब महिलाओं को देना होगा !
नगर निगम चुनाव से पहले वार्ड नंबर-2 में राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। पिछली बार सामान्य श्रेणी का यह वार्ड इस बार महिला (जनरल) के लिए आरक्षित कर दिया गया है, जिससे पुराने समीकरण टूटे हैं और नए चेहरे सामने आ रहे हैं। लेकिन चुनावी हलचल के बीच सबसे बड़ा मुद्दा पिछली कार्यशैली और प्रदर्शन को लेकर उठ रहे सवाल बनते जा रहे हैं।
पिछले चुनाव में भाजपा के सुरेश वर्मा ने यहां से जीत दर्ज की थी, लेकिन उनके कार्यकाल को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष की चर्चा रही। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में विकास कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुए और जनसमस्याओं की सुनवाई भी प्रभावी ढंग से नहीं हो सकी। अब चूंकि वार्ड महिला आरक्षित हो चुका है, ऐसे में सीधे तौर पर उनकी जगह पार्टी की महिला उम्मीदवार को जनता के सामने उतरना होगा और उन्हें ही पिछले कार्यकाल का जवाब देना पड़ेगा।
भाजपा में इस वार्ड को लेकर काफी हलचल है। चारु चावला ने मजबूत दावेदारी पेश की है, वहीं बीजेपी नेत्री परमजीत कौर भी टिकट की दौड़ में सक्रिय हैं। इसके अलावा कार्यकारी महिला अध्यक्ष अनुराधा पुरी का नाम भी चर्चा में है। पार्टी के अंदर यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि पूर्व पार्षद रितु गोयल को इस वार्ड से मैदान में उतारा जा सकता है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।


दूसरी ओर कांग्रेस में फिलहाल स्थिति अपेक्षाकृत शांत नजर आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार अब तक इस वार्ड से एक ही महिला उम्मीदवार ने दावेदारी पेश की है, जिससे आंतरिक प्रतिस्पर्धा कम दिखाई दे रही है। हालांकि अंतिम सूची आने के बाद स्थिति बदल सकती है।
इंडियन नेशनल लोकदल, जननायक जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी अभी इस वार्ड में मजबूत उम्मीदवार की तलाश में हैं। माना जा रहा है कि जिन दावेदारों को प्रमुख दलों से टिकट नहीं मिलेगा, वे इन दलों का रुख कर सकते हैं, जिससे चुनावी समीकरण अचानक बदल सकते हैं।
कुल मिलाकर, वार्ड नंबर-2 में इस बार चुनाव केवल नए चेहरों का नहीं, बल्कि पुराने कामकाज के मूल्यांकन का भी होगा। जिसका जवाब महिलाओं को देना होगा । जनता की अपेक्षाएं साफ हैं—इस बार केवल वादों से नहीं, बल्कि ठोस कार्य योजना और जवाबदेही से ही विश्वास जीता जा सकेगा।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!