LPG शिकायत के लिए जारी हुए नंबर : पंचकूला नाइट फूड स्ट्रीट पर LPG छापेमारी, अवैध सिलेंडर जब्त; कार्रवाई पर उठे सवाल
सेक्टर-5 स्थित नाइट फूड स्ट्रीट पर फूड सप्लाई विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध LPG सिलेंडरों को जब्त किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में कई प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन सामने आया, जिसके बाद मौके पर ही सिलेंडर कब्जे में लेकर नोटिस जारी किए गए।
फूड सप्लाई अधिकारी जतिन मित्तल ने बताया कि जांच के दौरान कई सिलेंडर बिना वैध दस्तावेज के पाए गए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग भी सामने आया, जो नियमों के खिलाफ है। विभाग के अनुसार करीब पांच घरेलू सिलेंडर और कुछ कमर्शियल सिलेंडर बिना बिल और रिकॉर्ड के मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उपभोक्ता सुरक्षा और गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि कार्रवाई के बाद व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। दुकानदारों का कहना है कि गैस की किल्लत के बीच इस तरह की सख्ती से उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है और कर्मचारियों के रोजगार पर भी खतरा पैदा हो सकता है। व्यापारियों ने यह भी सवाल उठाया कि बड़े होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों में यदि इसी तरह के उल्लंघन हो रहे हैं तो वहां समान रूप से कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
इस मुद्दे पर एक व्यापारी नेता ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में व्यापारियों को सहयोग की जरूरत है, न कि दबाव की। उन्होंने प्रशासन से संतुलित रुख अपनाने की अपील करते हुए बताया कि मामले पर चर्चा के लिए मार्केट एसोसिएशन की बैठक बुलाई गई है।
एक ओर प्रशासन नियमों के सख्त पालन पर जोर दे रहा है, वहीं दूसरी ओर व्यापारी वर्ग राहत और समान कार्रवाई की मांग कर रहा है। ऐसे में अब इस टकराव का समाधान कैसे निकलता है, इस पर नजर बनी हुई है।
पंचकूला में LPG कालाबाजारी रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
जिले में एलपीजी की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनाधिकृत उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला नियंत्रक जतिन मित्तल के अनुसार, बलजीत मलिक को पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी क्षेत्र का जिम्मा सौंपा गया है, जबकि बलविंद्र सिंह को कालका क्षेत्र का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नियुक्त अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में एलपीजी से जुड़ी अनियमितताओं पर नजर रखेंगे और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कालाबाजारी या अवैध उपयोग से संबंधित जानकारी सीधे संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!