पीडब्ल्यूडी विभाग ने नहीं बनवाई टूटी पड़ी पुलियां, ग्रामीणों में रोष
खबरी प्रशाद, बरवाला | गुरदीप सिंह
टोडा गांव से बरवाला को जोड़ने वाले लिंक सड़क मार्ग पर स्थित टांगरी नदी पुल के नजदीक सड़क मार्ग के दोनों ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाई गई पुलियां पिछले वर्ष भारी बरसात के दौरान पानी के तेज बहाव के कारण टूट गई थीं। इनका नए सिरे से निर्माण अब तक नहीं हो पाया है। टूटी पड़ी पुलियों का निर्माण नहीं करवाए जाने पर ग्रामीणों में विभाग के प्रति काफी रोष देखने को मिल रहा है।
टोडा गांव के सर्जन सिंह, दलजीत सिंह, देशपाल और अंग्रेज सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नदी पुल के दोनों ओर किसानों के खेतों तथा नदी के ओवरफ्लो बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाई गई पुलियां पिछले वर्ष बरसात के मौसम में पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उस समय टोडा, ककराली, जासपुर, नटवाल सहित कई गांवों का बरवाला से संपर्क कट गया था, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने टूटी पड़ी पुलियों की जगह मिट्टी भरवाकर लोगों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ता तो बना दिया था, लेकिन आज तक पुलियों का स्थायी निर्माण नहीं कराया गया।
उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से ग्रामीण पीडब्ल्यूडी विभाग और जिला प्रशासन से टूटी पड़ी पुलियों के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों को यह भी चिंता सता रही है कि आने वाले दिनों में बरसात शुरू होने पर बरसाती पानी की निकासी कैसे होगी और लोग अपने गांवों तक सुरक्षित आवाजाही कैसे कर पाएंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की ओर से बरसात से पहले बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी के उचित प्रबंध करने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन यहां पर इन दावों की वास्तविकता कहीं दिखाई नहीं देती। इससे प्रतीत होता है कि ये दावे केवल कागजों तक ही सीमित हैं।
क्या बोले विभागीय अधिकारी
इस संबंध में जब पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई तरुण शर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि टूटी पड़ी पुलियों के निर्माण के लिए तैयार किया गया एस्टीमेट विभाग को भेजा जा चुका है, जिसकी स्वीकृति जल्द मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलते ही पुलियों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा तथा बरसाती पानी की निकासी के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!