पंचकूला की सियासत में हो रहा बड़ा राजनीतिक खेल?
कही भाजपा की चुनावी रणनीति में फंस तो नहीं रहीं उपेंद्र कौर अहलूवालिया!
हरियाणा के पंचकूला की स्थानीय राजनीति में इन दिनों उपेंद्र कौर अहलूवालिया का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है। पिछले कुछ समय से राजनीतिक गलियारों और मीडिया में यह अटकलें तेज हैं कि वह जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकती हैं। कभी उनके राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में भाजपा नेताओं से नजदीकियों की चर्चा होती है, तो कभी यह कहा जाता है कि वह पार्टी में शामिल होकर मेयर पद का टिकट मांग सकती हैं।
हालांकि इन चर्चाओं के बीच अब तक न तो अहलूवालिया की ओर से और न ही भाजपा की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने आई है। यही कारण है कि राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठने लगा है कि कहीं यह पूरा घटनाक्रम किसी रणनीतिक राजनीतिक संदेश का हिस्सा तो नहीं है।
कुछ विश्लेषकों का मानना है कि लगातार फैल रही ऐसी खबरों का असर सीधे तौर पर अहलूवालिया की राजनीतिक स्थिति पर पड़ सकता है। यदि वह औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल नहीं होतीं, तो इन अटकलों के कारण उनका जुड़ाव कांग्रेस के साथ भी कमजोर पड़ सकता है। ऐसे में यह चर्चा भी है कि कहीं यह रणनीति उन्हें राजनीतिक रूप से असमंजस की स्थिति में डालने की कोशिश तो नहीं।
उपेंद्र कौर अहलूवालिया पंचकूला की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रही हैं और शहर की पूर्व मेयर भी रह चुकी हैं। स्थानीय स्तर पर उनका मजबूत जनाधार माना जाता है। 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस से टिकट की मांग की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद वह फिलहाल सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी बनाए हुए हैं।
राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो 2021 के मेयर चुनाव में अहलूवालिया और भाजपा उम्मीदवार कुलभूषण गोयल के बीच बेहद करीबी मुकाबला हुआ था। उस चुनाव में अहलूवालिया लगभग दो हजार वोटों के मामूली अंतर से हार गई थीं। यह परिणाम उस समय आया था जब राज्य में भाजपा और जननायक जनता पार्टी की गठबंधन सरकार थी।
ऐसे में राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि भविष्य में अहलूवालिया किसी भी दल के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरती हैं, तो पंचकूला की राजनीति में मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह केवल राजनीतिक अफवाहें हैं या फिर आने वाले समय में कोई बड़ा राजनीतिक फैसला देखने को मिलेगा ।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!