पंचकूला में स्नेचर पर भारी पड़ी महिला टीचर की बहादुरी, लात-घूंसे मारकर भगाया बदमाश; CCTV खंगाल रही पुलिस
हरियाणा के पंचकूला में चेन स्नैचिंग की कोशिश एक बदमाश को उस समय महंगी पड़ गई जब महिला ने साहस दिखाते हुए उसका डटकर मुकाबला किया। ताइक्वांडो प्रशिक्षित महिला टीचर ने हमलावर को लात-घूंसे मारकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। बदमाश चेन तोड़ने में नाकाम रहा और घबराकर अपनी जैकेट मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-21 निवासी कर्नल लोकेश शर्मा की पत्नी मीनाक्षी 4 मार्च की शाम करीब 7 बजे अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकली थीं। पार्क के पास पहुंचते ही पीछे से आए एक युवक ने उनकी सोने की चेन झपटने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से घबराने के बजाय महिला ने तुरंत प्रतिरोध किया और आरोपी पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
प्रतिरोध के चलते आरोपी चेन तोड़ने में सफल नहीं हो सका। महिला ने शोर भी मचाया, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए। इस दौरान उन्होंने हमलावर की काली जैकेट पकड़ ली, लेकिन बदमाश खुद को छुड़ाने के लिए जैकेट उतारकर मौके से भाग निकला। बाद में महिला को अपनी चेन का पेंडेंट सड़क पर गिरा हुआ मिला।
परिवार के अनुसार मीनाक्षी पहले आर्मी स्कूल में अध्यापन कर चुकी हैं और उन्हें ताइक्वांडो का प्रशिक्षण भी मिला हुआ है। उनके पति कर्नल लोकेश शर्मा ने बताया कि परिवार का सैन्य पृष्ठभूमि से गहरा जुड़ाव है—मीनाक्षी के पिता और भाई भी सेना में अधिकारी रह चुके हैं। इसी प्रशिक्षण और आत्मविश्वास के कारण उन्होंने बिना घबराए हमलावर का सामना किया।
घटना के बाद मामला हरियाणा पुलिस के अंतर्गत सेक्टर 20 पुलिस स्टेशन पंचकूला में दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी सोमबीर ढाका के मुताबिक आरोपी की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं के बीच यह मामला एक अलग उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां महिला की सूझबूझ और साहस ने न केवल अपराध को विफल किया बल्कि आरोपी को मौके से भागने पर भी मजबूर कर दिया। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!