सड़क पर चलानी है गाड़ी तो सुधर लीजिए आदत वरना… बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ा तो लाइसेंस ही नहीं, RC पर भी गिरेगी गाज! गडकरी ने बताया नया प्लान
सड़क सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार अब सिर्फ चालान और जुर्माने तक सीमित नहीं रहना चाहती। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संकेत दिया है कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) पर निगेटिव पॉइंट जोड़े जा सकते हैं। तय सीमा पार होने पर लाइसेंस निलंबित या रद्द करने जैसी कार्रवाई का प्रावधान हो सकता है।
66वें SIAM वार्षिक सम्मेलन में गडकरी ने बताया कि मंत्रालय लाइसेंस और आरसी के लिए ग्रेडेड पॉइंट सिस्टम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। इसका उद्देश्य आदतन नियम तोड़ने वाले चालकों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई करना है। वहीं, बेहतर ड्राइविंग रिकॉर्ड रखने वालों को बीमा प्रीमियम में छूट जैसे प्रोत्साहन देने की संभावना भी जताई गई है।
BS-IV वाहनों के लिए सस्ता एमिशन कंट्रोल डिवाइस
पुराने BS-IV वाहनों को लेकर भी सरकार की योजना सामने आई है। गडकरी के मुताबिक करीब 4,000-5,000 रुपये की लागत वाला एमिशन कंट्रोल डिवाइस विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य पुराने वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है। डिवाइस के ट्रायल पूरे होने की जानकारी भी दी गई।
2027 से वाहन सुरक्षा में बड़ा बदलाव
गडकरी ने सड़क हादसों के आंकड़ों पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में हर साल करीब 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और लगभग 1.80 लाख लोगों की मौत होती है। इनमें बड़ी संख्या 18 से 36 वर्ष की आयु के युवाओं की बताई गई। हादसों में कमी लाने के लिए सरकार अक्टूबर 2027 से भारत NCAP 2.0 लागू करने की तैयारी में है, जिसमें वाहनों की सुरक्षा का ज्यादा व्यापक मूल्यांकन किया जाएगा।
इसके अलावा देश में ड्राइवरों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए 1,600 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की योजना है। इनमें 24 केंद्र शुरू हो चुके हैं, जबकि 112 पर काम जारी है।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!