CM की थाली तक पहुंचा ‘बिना डेट’ वाला घेवर, जांच से पहले ही मेन्यू से OUT!
डिब्बे पर न मैन्युफैक्चरिंग डेट, न एक्सपायरी की जानकारी; दुकानदार ने कहा- बनने के 2 घंटे में खा लें
पलवल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए परोसा जाने वाला घेवर उस समय मेन्यू से हटा दिया गया, जब अधिकारियों की नजर उसके पैकेट की लेबलिंग पर पड़ी। डिब्बे पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। सुरक्षा जांच के बाद घेवर को मुख्यमंत्री की थाली तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।
घटना मंगलवार शाम की है, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपनी पत्नी सुमन सैनी के साथ वृंदावन जाते समय होडल स्थित डबचिक पर्यटन स्थल पर रुके थे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। मेहमानों के लिए स्थानीय मिठाई विक्रेता से घेवर मंगवाया गया था।
दो घंटे वाली बात सुनकर अधिकारियों ने रोका घेवर
सीएम और अन्य मेहमानों को मिठाई परोसने से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम खाद्य सामग्री की जांच कर रही थी। इसी दौरान घेवर के डिब्बे पर जरूरी तारीखें नहीं मिलने पर अधिकारियों ने दुकानदार से संपर्क किया। पूछने पर दुकानदार ने बताया कि घेवर बनने के करीब दो घंटे के भीतर उसका सेवन कर लेना चाहिए।
यह जानकारी सामने आते ही अधिकारियों ने घेवर परोसने का फैसला टाल दिया। यानी सीएम की थाली में जाने से पहले ही मिठाई ‘सुरक्षा जांच’ में बाहर हो गई।
DC ने दिए सैंपलिंग के आदेश
मामले के बाद पलवल के उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र कुमार छिल्लर ने खाद्य सुरक्षा विभाग को संबंधित मिठाई विक्रेता के साथ-साथ अन्य दुकानों से भी मिठाइयों के सैंपल लेने और जांच कराने के निर्देश दिए। विभाग की ओर से जिले में कई दुकानों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाने की बात सामने आई है।
17 सैंपल की जांच, लेबलिंग बनी बड़ी चिंता
खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़े एक कर्मचारी के अनुसार, पिछले करीब एक महीने में पलवल जिले से 17 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इस दौरान स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाली मिठाइयों की पैकेजिंग और लेबलिंग को लेकर सवाल सामने आए हैं।
खासकर घेवर जैसे उत्पादों के पैकेट पर निर्माण तिथि और अंतिम उपयोग की जानकारी नहीं होने से ग्राहक उसकी ताजगी और सुरक्षित सेवन की अवधि का सही अंदाजा नहीं लगा पाते। CM के लिए परोसे जाने वाले घेवर का मामला सामने आने के बाद अब जिले में मिठाइयों की गुणवत्ता और लेबलिंग पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!