मेयर चुनाव से पहले श्याम लाल बंसल को सामाजिक व धार्मिक संगठनों का बढ़ता समर्थन
पंचकूला। नगर निगम मेयर चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी श्याम लाल बंसल के समर्थन में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों का रुझान लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आदर्श देवज्ञ ब्राह्मण सभा, जिला पंचकूला के प्रतिनिधियों ने उनके चुनाव कार्यालय पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जीत का आशीर्वाद दिया।
सभा के प्रधान चंडी प्रसाद ने बताया कि संस्था के सदस्य और पंडित वर्ग श्याम लाल बंसल के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार अभियान चलाएंगे। इस मौके पर महासचिव ललित मोहन, सचिव आनंद दूबे, संजीव भट, मोहन प्रकाश और महेश चंद्रलोकी सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
वहीं, महाजन सभा चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) ने भी चुनाव कार्यालय पहुंचकर एक हस्ताक्षरित पत्र सौंपते हुए बंसल को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। ट्रस्ट के अध्यक्ष नवदीप महाजन ने बताया कि उनके संगठन से जुड़े सदस्यों का अच्छा-खासा वोट आधार है और कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन का निर्णय लिया गया है। इस दौरान चेयरपर्सन कंचन महाजन, वरिष्ठ उपप्रधान प्रेम भूषण गुप्ता और वित्त सचिव मुनीष गुप्ता भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रजापति सभा पंचकूला के संरक्षक कान्हा राम सोखल ने भी चुनाव प्रचार में भाग लिया, जबकि जैन सभा की प्रधान उर्मिल जैन ने सेक्टर-20 में बंसल के पक्ष में जनसंपर्क किया। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा भी विभिन्न सेक्टरों में उनके साथ प्रचार करते नजर आए।
शहर के अलग-अलग सेक्टरों और गांवों में सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं द्वारा समर्थन में जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे चुनावी माहौल में तेजी आई है और मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!