पंचकूला नगर निगम चुनाव: वार्ड-2 में कांग्रेस प्रत्याशी चारू चावला का जनसंपर्क तेज, विकास के मुद्दों पर जनता से मांगा समर्थन
पंचकूला। नगर निगम चुनाव के चलते वार्ड-2 में भी चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। इस वार्ड से कांग्रेस की प्रत्याशी चारू चावला ने अपने चुनाव प्रचार को तेज करते हुए क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर रही चारू चावला को स्थानीय जनता का सकारात्मक समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।

चुनाव प्रचार के दौरान चारू चावला ने वार्ड-2 की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सीवरेज सिस्टम और सड़कों की खराब हालत लंबे समय से जनता के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें पार्षद चुना जाता है, तो इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
चारू चावला ने अपने प्रचार अभियान में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से विशेष संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि वार्ड-2 के समग्र विकास के लिए सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है और वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, वार्ड-2 में इस बार मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी चारू चावला की सक्रियता और जमीनी पकड़ उन्हें मजबूत स्थिति में ला रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों से उनकी चुनावी स्थिति और मजबूत होती नजर आ रही है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!