पंचकूला नगर निगम चुनाव: वार्ड-3 में त्रिकोणीय मुकाबले से बढ़ी सरगर्मी, कांग्रेस प्रत्याशी रजनीश सिंगला का आक्रामक प्रचार जारी
पंचकूला। नगर निगम चुनाव के चलते पूरे शहर में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। खासतौर पर वार्ड-3 इस बार चुनावी दृष्टि से सबसे ज्यादा चर्चाओं में बना हुआ है, जहां मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का माना जा रहा है। इस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रजनीश सिंगला लगातार आक्रामक चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं और क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

रजनीश सिंगला द्वारा घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की जा रही है। उनके समर्थन में स्थानीय निवासियों की भीड़ देखने को मिल रही है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं जैसे सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और विकास कार्यों को प्रमुख मुद्दा बनाया है। सिंगला ने दावा किया कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है, तो वार्ड-3 को विकास के मामले में एक नई दिशा दी जाएगी।

दूसरी ओर, वार्ड-3 में भारतीय जनता पार्टी के भीतर ही बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई है। भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार सुरेश वर्मा के अलावा पूर्व पार्षद और पारंपरिक सीट से जुड़ी मानी जाने वाली रीतु गोयल भी मैदान में सक्रिय हैं। इसके साथ ही भाजपा नेत्री बेनू राव भी चुनावी रण में उतर चुकी हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक ही वार्ड से भाजपा के तीन प्रभावशाली नेताओं की मौजूदगी से वोटों का विभाजन होना तय माना जा रहा है। इस स्थिति का सीधा लाभ कांग्रेस प्रत्याशी रजनीश सिंगला को मिल सकता है। वार्ड-3 में यह त्रिकोणीय नहीं बल्कि बहुकोणीय मुकाबला बन चुका है, जिससे चुनाव परिणाम को लेकर अनिश्चितता और उत्सुकता दोनों बढ़ गई हैं।

स्थानीय जनता भी इस बार सोच-समझकर मतदान करने की बात कर रही है। कई मतदाताओं का कहना है कि वे इस बार विकास और क्षेत्रीय मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। ऐसे में वार्ड-3 का परिणाम पूरे पंचकूला नगर निगम चुनाव की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड-3 की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है और किसके सिर जीत का ताज सजता है।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!