इनेलो ने मेयर उम्मीदवारों की घोषणा की, अभय चौटाला का भाजपा सरकार पर तीखा हमला
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर अपने मेयर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने सोनीपत से एडवोकेट आनंद खत्री और पंचकूला से मनोज अग्रवाल को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। वहीं अंबाला से मेयर प्रत्याशी के नाम की घोषणा शाम तक किए जाने की बात कही गई है।
इस अवसर पर इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और किसानों, महिला आरक्षण तथा प्रशासनिक नीतियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
अभय चौटाला ने कहा कि गेहूं खरीद के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंडियों में सक्रिय भूमिका निभाई और किसानों के लिए कष्ट निवारण केंद्र स्थापित किए गए, जिससे किसानों को राहत मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बायोमेट्रिक सत्यापन की अनिवार्यता लगाकर किसानों को परेशान किया और खरीद प्रक्रिया को प्रभावित किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण शुरुआत में किसानों को अपनी फसल बेचने और भुगतान प्राप्त करने में भारी दिक्कतें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की मंशा किसानों की फसल बड़े कॉरपोरेट घरानों तक पहुंचाने की थी, लेकिन विपक्ष और किसानों के दबाव के कारण स्थिति बदली।
विशेष सत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास महिला आरक्षण बिल पर निंदा प्रस्ताव लाने का समय है, लेकिन किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि निंदा प्रस्ताव लाना ही था तो सरकार को अपनी कमियों और किसानों की समस्याओं पर आत्ममंथन करना चाहिए था।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा सरकार राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही थी, लेकिन विपक्ष की एकजुटता के कारण उनकी मंशा पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने इस पर पूरे विपक्ष को बधाई भी दी।
कृषि और भूमि से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि जमीन रजिस्ट्री, फीस प्रणाली और ऑनलाइन पोर्टल की समस्याओं ने किसानों को परेशान कर रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी पोर्टल और तकनीकी व्यवस्था किसानों के लिए बाधा बन गई है।
बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ही एक बार फिर जीत दर्ज करेंगी।
प्रेस वार्ता में इनेलो के वरिष्ठ नेता आर.एस. चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सतबीर सैनी, पंचकूला जिलाध्यक्ष सितेंद्र टोनी, शहरी प्रधान मनोज अग्रवाल, सीमा चौधरी और पार्टी सचिव नछत्तर सिंह मलहान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!