भाजपा की विचारधारा क्षणिक राजनीतिक लाभ पर आधारित नहीं-कुलभूषण गोयल
भारतीय जनता पार्टी की ओर से रायपुररानी में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पंचकूला के पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक शक्तिरानी शर्मा ने की। इस अवसर पर जिला प्रधान अजय मित्तल और भाजपा नेता वीरेंद्र भाऊ भी उपस्थित रहे।
कुलभूषण गोयल ने संगठनात्मक मजबूती, पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा जनसेवा के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार, एक दृष्टिकोण और एक सतत आंदोलन है। भाजपा का उद्देश्य भारत का पुनर्निर्माण कर उसे सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा क्षणिक राजनीतिक लाभ पर आधारित नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकात्मता और आधुनिक प्रगतिशील दृष्टिकोण पर आधारित है।
भाजपा के सिद्धांत हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति में निहित हैं और आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक तथा लोकतंत्र के साथ सामंजस्य स्थापित करते हैं।
कुलभूषण गोयल ने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सभी नागरिकों को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक न्याय मिले। समान अवसर और धार्मिक विश्वास की स्वतंत्रता केवल संवैधानिक प्रावधान नहीं, बल्कि जीवन के मूल मूल्य हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ऐसे लोकतांत्रिक राज्य की स्थापना करना है, जिसमें जाति, संप्रदाय या लिंग के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव न हो और सभी नागरिकों को राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक न्याय के साथ अवसर तथा धार्मिक विश्वास एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि पार्टी विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान, समाजवाद, पंथनिरपेक्षता और लोकतंत्र के सिद्धांतों के प्रति सच्ची आस्था और निष्ठा रखती है तथा भारत की प्रभुसत्ता, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!