गुरुग्राम में सड़क बनी ‘तालाब’, CARS24 ने उतारी नाव तो पुलिस ने थमा दिया ₹50 हजार का चालान!
गुरुग्राम। भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव ने सड़कों का हाल बेहाल कर दिया तो ऑनलाइन कार प्लेटफॉर्म CARS24 ने इसे लेकर अनोखा विरोध दर्ज कराया। कंपनी ने जलमग्न सड़क पर अपनी ब्रांडेड नाव उतार दी, लेकिन कुछ ही देर में ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और नाव को सीज कर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया।
मामला कंपनी की ब्रांड एवं कम्युनिकेशन हेड प्राची शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद चर्चा में आया। उन्होंने नाव की तस्वीर साझा करते हुए जलभराव की समस्या पर तंज कसा और सवाल उठाया कि यदि नाव चलाने पर चालान हो सकता है, तो सड़कों पर बार-बार पानी भरने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी?
प्राची के मुताबिक, कंपनी ने शनिवार को गुरुग्राम में लंबे समय से जारी जलभराव की स्थिति पर व्यंग्यात्मक तरीके से ध्यान खींचने के लिए नाव पानी में उतारी थी। उनका कहना है कि कुछ ही मिनटों में पुलिस पहुंच गई और कार्रवाई कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि हालात ऐसे थे कि कई लोग सड़क पार करने के बजाय नाव का सहारा लेने लगे थे।

प्राची ने अपनी पोस्ट में कहा कि कंपनी जुर्माना भरने को तैयार है, लेकिन जलभराव के लिए जिम्मेदारी तय करने की भी जरूरत है। उनका कहना है कि जब कोई समस्या वर्षों तक बनी रहे और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित करे, तो उस पर सिर्फ मजाक करने के बजाय समाधान की मांग उठनी चाहिए।
वहीं, गुरुग्राम के ACP ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने कहा कि मामला फिलहाल उनके संज्ञान में मीडिया कर्मियों के माध्यम से आया है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी और कार्रवाई की रिपोर्ट लेने के बाद ही इस मामले में पूरी स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!