CJP के सोशल मीडिया लिंक से रहिये सतर्क क्योंकि पंजाब में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम पर साइबर ठगी, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
Punjab में सोशल मीडिया पर चर्चा में चल रही तथाकथित “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नाम का इस्तेमाल अब साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स को भावनात्मक संदेश भेजकर फर्जी लिंक पर क्लिक करवाया जा रहा है, जिसके बाद बैंक खाते और निजी डेटा खतरे में पड़ रहे हैं।
Ludhiana Police Commissionerate ने इस नए साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को सतर्क करने के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 42 सेकेंड का जागरूकता वीडियो जारी किया है। वीडियो में पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने बताया कि ठग वॉट्सऐप और सोशल मीडिया के जरिए ऐसे संदेश भेज रहे हैं जिनमें “सिस्टम बदलने का समय”, “देश की पुकार” और “युवाओं के लिए बड़ा मौका” जैसे आकर्षक वाक्य इस्तेमाल किए जाते हैं।
पुलिस के मुताबिक मैसेज में “कॉकरोच जनता पार्टी जॉइन करें” जैसी अपील के साथ एक लिंक भेजा जाता है। यह लिंक वास्तव में फिशिंग लिंक होता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस पर क्लिक करता है, मोबाइल फोन की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है और स्कैमर्स को बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड, ओटीपी और अन्य निजी जानकारी तक पहुंच मिल सकती है।
जांच एजेंसियों के अनुसार साइबर अपराधी सिर्फ बैंक खातों से पैसे निकालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि चोरी किए गए डेटा के आधार पर पीड़ित के नाम पर ऑनलाइन लोन तक लेने की आशंका रहती है। पुलिस ने कहा कि कई मामलों में लोग केवल जिज्ञासा या भावनात्मक अपील में आकर लिंक खोल देते हैं और बाद में आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।
लुधियाना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वायरल राजनीतिक, सामाजिक या ट्रेंडिंग कैंपेन से जुड़े अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर दिखने वाला हर संदेश विश्वसनीय नहीं होता और एक छोटी लापरवाही जीवनभर की जमा पूंजी पर भारी पड़ सकती है।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!