HRTC ने ड्रेस कोड पर कसा शिकंजा, ड्राइवर-कंडक्टरों के ‘गमछा-परना’ पहनने पर रोक
हिमाचल पथ परिवहन निगम (Himachal Road Transport Corporation) ने अपने चालक और परिचालकों के लिए ड्रेस कोड को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। नए आदेशों के तहत ड्यूटी के दौरान गले या सिर पर परना, गमछा या किसी भी रंग-बिरंगे कपड़े के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।
निगम प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारियों की वर्दी एक समान और पेशेवर दिखनी चाहिए, क्योंकि उनकी उपस्थिति सीधे तौर पर HRTC की सार्वजनिक छवि को प्रभावित करती है। निगम की बसें हिमाचल के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में संचालित होती हैं, ऐसे में अनुशासित वेशभूषा जरूरी मानी जा रही है।
करीब 3200 बसों के बेड़े और लगभग 11 हजार कर्मचारियों वाले इस निगम ने सभी डिपो को आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
हालांकि, इस फैसले का कर्मचारी संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। हिमाचल पथ परिवहन मजदूर संघ ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि लंबी दूरी की ड्यूटी और भीषण गर्मी में चालक-परिचालकों को राहत के लिए ऐसे कपड़ों की जरूरत पड़ती है। संगठन ने प्रबंधन से कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की है।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!