पंचकूला चुनावों में “विचारधारा” का मनोवैज्ञानिक खेल, विकास के मुद्दे पीछे छूटने की चर्चा
पंचकूला नगर निगम चुनावों के बीच अब चुनावी रणनीतियों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि इस बार चुनाव केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मतदाताओं की मानसिक सोच और वैचारिक पहचान को केंद्र में रखकर प्रचार किया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी मैदान में अब “मनोवैज्ञानिक पकड़” सबसे बड़ा हथियार बनती जा रही है।
स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है कि कई क्षेत्रों में मतदाताओं से शुरुआत में ही यह कहलवाने का प्रयास किया गया कि “आप तो भाजपा विचारधारा के हैं” या “आपकी सोच भाजपा से मेल खाती है।” राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह तरीका केवल समर्थन मांगने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि व्यक्ति के मन में एक स्थायी राजनीतिक पहचान स्थापित करने का प्रयास करता है।
जानकार बताते हैं कि मानव स्वभाव ऐसा होता है कि कोई भी व्यक्ति एक बार सार्वजनिक रूप से जो बात बोल देता है, बाद में उससे पलटना उसे अपनी सामाजिक छवि के खिलाफ लगता है। यही कारण है कि चुनावी रणनीति में पहले मतदाता से उसकी वैचारिक नजदीकी कहलवा दी जाती है, ताकि बाद में वह किसी अन्य राजनीतिक दल या प्रत्याशी के तर्कों से आसानी से प्रभावित न हो।
कुछ पर्यवेक्षकों ने इसकी तुलना पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर से की है। उनका कहना है कि जो बात पहले लिख दी जाती है या पहले सुन ली जाती है, वही आगे की सोच को प्रभावित करती रहती है। चुनावों में भी यही मनोवैज्ञानिक तरीका अपनाया जा रहा है। पहले व्यक्ति को किसी विचारधारा से जोड़ दिया जाता है और बाद में वह उसी पहचान के साथ खड़ा दिखाई देता है।
राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि कई बार मतदाताओं को मनोवैज्ञानिक तरीके से इस प्रकार प्रभावित किया जाता है कि उनका सबसे बड़ा लोकतांत्रिक हथियार — मतदान — धीरे-धीरे किसी विशेष दिशा में मोड़ दिया जाता है। आरोप यह भी लग रहे हैं कि भावनात्मक और वैचारिक अपीलों के जरिए मतदाता को इस तरह बांध दिया जाता है कि अंततः लाभ किसी एक व्यक्ति विशेष या राजनीतिक समूह को मिलता है, जबकि आम मतदाता चुनाव के बाद स्वयं को अपने मूलभूत अधिकारों और अपेक्षित सुविधाओं से वंचित महसूस करता है।
कई लोगों का कहना है कि मतदान के बाद आम नागरिक इसी उम्मीद में वर्षों तक इंतजार करता रहता है कि जिस व्यक्ति या संगठन के कहने पर उसने वोट दिया, वह अब उसकी समस्याओं का समाधान करेगा, लेकिन समय बीतने के साथ अधिकांश वादे अधूरे ही रह जाते हैं। इसके बाद पांच वर्ष गुजरते ही फिर वही चुनावी माहौल, वही वैचारिक अपीलें और वही मनोवैज्ञानिक रणनीतियां दोबारा शुरू हो जाती हैं।
शहर के कई इलाकों में यह भी चर्चा रही कि सड़क, पानी, सीवरेज, पार्किंग, कूड़ा प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं जैसे स्थानीय मुद्दों पर अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई, जबकि “कौन किस विचारधारा का है” यह चुनावी माहौल का बड़ा हिस्सा बन गया। लोगों का कहना है कि हर मोहल्ले और हर परिवार में अलग-अलग सोच रखने वाले लोग होते हैं, लेकिन चुनाव प्रचार में उन्हें एक विशेष राजनीतिक पहचान के दायरे में बांधने की कोशिश की जा रही है।
विपक्षी दलों के समर्थकों का आरोप है कि यह रणनीति जनता को विकास के वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास है, जबकि भाजपा समर्थक इसे संगठन की वैचारिक मजबूती और जनता के भरोसे का प्रतीक बता रहे हैं।
फिलहाल पंचकूला का चुनावी माहौल केवल नारों और जनसभाओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब मतदाताओं की मानसिक सोच, सामाजिक व्यवहार और भावनात्मक निर्णयों को भी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
वरिष्ठ पत्रकार जगदीप शर्मा के सोशल मीडिया से


Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!