पंचकूला ICU में नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध मौत, मोबाइल गायब होने से बढ़ा रहस्य
पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला स्थित सिविल अस्पताल के आईसीयू में रविवार रात एक नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रीति बैनीवाल के रूप में हुई है, जो ड्यूटी के दौरान ही अस्पताल के स्टोर एरिया के पास फर्श पर गिरी हुई मिली। घटना का पता उस समय चला जब अगली शिफ्ट का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा।
बताया जा रहा है कि मौत से करीब आधे घंटे पहले तक प्रीति को मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए देखा गया था। हालांकि, घटना के बाद उसका मोबाइल फोन मौके से गायब मिला, जिससे पूरे मामले में संदेह और गहरा गया है। इस स्थिति ने अस्पताल स्टाफ की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल की आखिरी लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
प्रीति बैनीवाल मूल रूप से हिसार जिले के जुगलान गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-31 में परिवार के साथ रह रही थीं। उन्होंने वर्ष 2024 में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर नौकरी जॉइन की थी और उनकी पहली पोस्टिंग पंचकूला सिविल अस्पताल में ही हुई थी। उनकी ड्यूटी ज्यादातर आईसीयू में ही रहती थी।\

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद जब फोरेंसिक टीम जांच के लिए आईसीयू पहुंची, तो वहां बड़ी संख्या में एक्सपायरी इंजेक्शन भी बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है। बताया जाता है कि कुछ स्टाफ सदस्यों ने इन इंजेक्शनों को न ले जाने की अपील भी की, लेकिन फोरेंसिक टीम ने उन्हें महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए जब्त कर लिया।
परिवार के अनुसार, प्रीति रविवार दोपहर करीब 2 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं और उनकी शिफ्ट रात 8 बजे समाप्त होनी थी। जब वे निर्धारित समय पर घर नहीं लौटीं, तो अस्पताल प्रशासन की ओर से सूचना मिलने पर परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे। परिजनों का कहना है कि सूचना मिलते ही वे करीब 10 मिनट में अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन तब तक प्रीति की मौत हो चुकी थी।
फिलहाल, मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। परिवार ने अभी तक किसी पर भी संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!