दुबई में 10 दिन फंसे थे पंचकूला के BJP नेता : डेढ़ लाख में मिली वापसी टिकट; मिसाइल हमलों के बीच लौटे भारत
पंचकूला के भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विशाल सेठ दुबई यात्रा के दौरान अचानक बढ़े तनाव के बीच करीब 10 दिनों तक वहां फंसे रहे। रविवार को भारत लौटने के बाद उन्होंने बताया कि मिसाइल हमलों और सुरक्षा अलर्ट के कारण हालात अचानक बदल गए, जिससे उनकी वापसी टलती रही और अंततः उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये में टिकट लेकर स्वदेश लौटना पड़ा।
विशाल सेठ के मुताबिक वह 23 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ दुबई घूमने गए थे और 28 फरवरी को वापसी की योजना थी। होटल से एयरपोर्ट के लिए निकलते समय टैक्सी चालक ने आसमान में धुएं का गुबार दिखाया। इसी दौरान दो–तीन मिसाइलों के हवा में टकराने और दूर तक आग का गुब्बार दिखाई देने की बात सामने आई। थोड़ी देर बाद मोबाइल पर अलर्ट मैसेज आने पर ड्राइवर ने उन्हें वापस होटल पहुंचा दिया।
उन्होंने बताया कि उस समय क्षेत्र में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के कारण कई स्थानों पर मिसाइल हमलों की खबरें थीं। स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और उड़ानों की संख्या भी कम कर दी गई।
विशाल सेठ ने कहा कि टिकटों की कीमत अचानक कई गुना बढ़ गई थी। आखिरकार उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये में टिकट मिली, जिसके बाद करीब 250 यात्रियों के साथ उनकी फ्लाइट मुंबई पहुंची। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैली बुर्ज खलीफा पर हमले की खबरों को गलत बताया, हालांकि कुछ होटलों के पास धमाकों की घटनाएं जरूर हुईं।
उन्होंने बताया कि मिसाइल हमलों के डर से कई लोग सुरक्षित इलाकों की ओर जा रहे थे। इसी वजह से वे भी कुछ समय के लिए शारजाह चले गए थे। इस दौरान उन्हें रहने और खाने की भी परेशानी हुई। रोजाना होटल का खर्च 15 से 20 हजार रुपये तक पहुंच गया था।
सबसे बड़ी समस्या दवाइयों की रही। सेठ के अनुसार वे और उनकी पत्नी एक सप्ताह की दवाइयां लेकर गए थे, लेकिन यात्रा लंबी हो जाने के कारण दवाइयां खत्म हो गईं। बाद में भारत में मौजूद परिचित डॉक्टरों से सलाह लेकर वहां उपलब्ध दवाओं के विकल्प लेने पड़े।
उन्होंने बताया कि रमजान के चलते दिन में कई जगह खाने की व्यवस्था सीमित थी, जिससे और परेशानी बढ़ गई।
आखिरकार कई दिनों की कोशिश के बाद उन्हें भारत लौटने के लिए फ्लाइट मिल सकी और कड़ी सुरक्षा के बीच विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी गई।
खबरी प्रशाद एकलौता अखबार जिसने दुबई में फंसे विशाल सेठ की व्यथा की खबर लिखी थी
चार दिन पहले खबरी प्रशाद अखबार को जब इस बात की जानकारी मिली थी कि पंचकूला के भाजपा नेता दुबई में फंस गए हैं तो हमारे संवाददाता ने उनसे टेलीफोन पर बात करके उनको सुरक्षित स्थान पर बने रहने की सलाह दी थी ।
यह भी जिक्र योग है कि विशाल सेठ आने वाले नगर निगम चुनाव में मेयर पद के मजबूत दावेदार भी हैं ।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!