पुरी रथ यात्रा में मची भगदड़: 3 की मौत, 6 घायल; मुख्यमंत्री ने माना प्रशासनिक चूक
ओडिशा के पुरी में विश्वप्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रथ यात्रा के दौरान अचानक मची भगदड़ में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुरी में बीते कुछ दिनों से रथ यात्रा का आयोजन बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से चल रहा था। भारी भीड़ के बीच सुरक्षा प्रबंधन में कथित चूक के चलते यह घटना घटी।
घटना को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, “व्यक्तिगत रूप से, मेरी सरकार और मैं सभी जगन्नाथ भक्तों से क्षमा मांगते हैं। हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं… यह लापरवाही अक्षम्य है। सुरक्षा चूक की तत्काल जांच की जाएगी, और मैंने निर्देश दिया है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।”
फिलहाल घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर उच्च स्तरीय जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जा सकता है। श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!