भूलकर भी ना घुसना राजस्थान के इस इलाके में, इंडियन आर्मी को मिली फायरिंग की छूट
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में कई दिनों से तेल चोरी और घुसपैठ करने के लगातार प्रयास होने के बाद सैन्य अधिकारियों ने अब सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। इसके तहत रेंज क्षेत्र में रात के समय घुसने वालों पर अब ड्यूटी पर तैनात संतरी को हथियार का उपयोग करने की छूट दी गई है। सैन्य अधिकारियों ने आसपास की ग्राम पंचायतों व पुलिस थानों को भी इसकी लिखित में सूचना दी है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार रेंज एरिया में पिछले कई दिनों से बड़ी तादाद में बाहरी लोग रात के समय पिकअप आदि लेकर चोरी छिपे घुसते हैं और वाहनों से पेट्रोल-डीजल की चोरी करते है। बड़ी मात्रा में तेल चोरी सामने आने पर सेना के जवान व अधिकारी परेशान हैं। सैन्य अधिकारियों की समीक्षा बैठक में इस मामले पर विचार के बाद निर्णय लिया गया कि रात्रि ड्यूटी पर हथियारबंद संतरी तैनात रहेंगे। रात में कोई रेंज एरिया में घुसेगा तो उसे पहले ललकारा जाएगा। इसके बाद भागने की कोशिश करने पर संतरी को फायर करने की छूट रहेगी।
सूचना प्रसारित की गई: रेंज के एडम कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अजेय ग्रेवाल ने आदेश की प्रति आस-पास की ग्राम पंचायतों के सरपंचों सहित महाजन, राजियासर, छतरगढ़ व लूणकरनसर पुलिस थाने को दी है। इन दिनों रेंज में युद्धाभ्यास के लिए सैनिकों ने भी डेरा डाल रखा है। ग्राम पंचायतों के सरपंचों को पत्र लिखकर और रेंज के चारों कैंपों के आसपास गांवों में यह सूचना प्रसारित की गई है।
सोमवार से संयुक्त सैन्य अभ्यास: वहीं भारत और यूनाइटेड किंगडम (इंग्लैंड) का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेय वारियर’ का आठवां संस्करण सोमवार को महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में शुरू होगा। इसका उद्देश्य आतंकवाद विरोधी अभियानों और आधुनिक युद्ध परिदृश्यों में दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना है। संयुक्त युद्धाभ्यास 14 दिन चलेगा। अभ्यास में यूके की सैन्य टुकड़ी अपने हथियारों के साथ भाग लेगी। इस दौरान दोनों देशों के सैनिक आपस में भाषायी संवाद, एक दूसरे के हथियारों के बारे में जानकारी साझा करने और संयुक्त सैन्य ऑपरेशन संचालित करेंगे। भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के रणबांकुरा डिवीजन ने शनिवार को महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के रेगिस्तान में युद्ध तैयारी और परिचालन दक्षता का आंकलन किया गया। सेना कमांडर, लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने अभ्यास की समीक्षा की।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!