वर्ल्ड कप से पहले भारत का फाइनल इम्तिहान: न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी-20 मैचों की सीरीज आज से शुरू
ईशान किशन नंबर तीन पर, श्रेयस अय्यर को इंतजार
नागपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग स्ट्रैटेजी साफ हो गई है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की है कि पहले टी-20 में ईशान किशन नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं लंबे समय बाद टीम में लौटे श्रेयस अय्यर को इस मुकाबले में अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया जाएगा।
मैच पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा कि ईशान किशन टीम की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में निरंतरता दिखाई है और टीम मैनेजमेंट उन्हें नंबर तीन पर आजमाना चाहता है। कप्तान के मुताबिक, इस पोजिशन के लिए फिलहाल ईशान सबसे उपयुक्त विकल्प हैं।
ईशान किशन ने अब तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में चार मैच नंबर तीन पर खेले हैं, जिनमें उन्होंने दो अर्धशतकों की मदद से 114 रन बनाए हैं। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जहां उन्होंने झारखंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाकर खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई।
यह सीरीज भारत के लिए आगामी टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों का अहम चरण मानी जा रही है। टीम में हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह की वापसी से संतुलन मजबूत हुआ है, जबकि तिलक वर्मा के चोटिल होने के कारण मिडिल ऑर्डर में बदलाव किया गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टी-20 मुकाबला बुधवार को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। घरेलू परिस्थितियों में भारत का रिकॉर्ड मजबूत रहा है और टीम इस सीरीज के जरिए हालिया वनडे हार का जवाब देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
उधर, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने भारत के खिलाफ खेलने को खास अनुभव बताया है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली जैसे दिग्गज के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके करियर के यादगार पलों में से एक होगा।
सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम की नजरें संयोजन और फॉर्म दोनों पर होंगी, जबकि न्यूजीलैंड बिना अतिरिक्त दबाव के चुनौती पेश करने के लिए तैयार नजर आ रहा है।
भारत की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी20), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चापमन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), जैकब डफी, जैकरी फॉल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमिसन, बेवोन जैकब्स, डेरिल मिचेल, जिमी नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम रोबिनसन, ईश सोढी।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!