दिल्ली में यमुना उफान पर, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
नई दिल्ली, 2 सितंबर।
यमुना नदी ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली में संकट खड़ा कर दिया है। मंगलवार दोपहर तीन बजे तक यमुना का जलस्तर 206.03 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान को पार कर चुका है। पानी बढ़ने से यमुना बाजार, खादर क्षेत्र और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर होती जा रही है।
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है। यमुना बाजार के करीब 400 घर पानी से प्रभावित हो चुके हैं। कई परिवारों ने अपना सामान छत पर शिफ्ट कर लिया है और रातें वहीं काटने को मजबूर हैं। वहीं, नावों के सहारे सामान निकालने की तस्वीरें सामने आ रही हैं।



कश्मीरी गेट के पास स्थित मोनेस्ट्री मार्केट में भी दुकानदार एहतियात बरतते हुए सामान को गोदामों में शिफ्ट कर रहे हैं। उन्हें डर है कि हालात 2023 जैसी तबाही न दोहरा दें। प्रशासन ने वासुदेव घाट को बंद कर दिया है और पानी रोकने के लिए सैंडबैग लगाए जा रहे हैं।
इस बीच, हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया 1.51 लाख क्यूसेक पानी शाम तक दिल्ली पहुंचने की आशंका है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुराना लोहा पुल शाम 4 बजे से बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहें। वहीं, प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!