चंडीगढ़ में एक ही नंबर की दो कारें चलने का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार
शहर में फर्जी नंबर प्लेट के जरिए दो कारें चलने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भाजपा नेता प्रिंस की शिकायत पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते इस गड़बड़ी का खुलासा नहीं होता, तो फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किसी गंभीर आपराधिक वारदात में भी किया जा सकता था।
शिकायतकर्ता प्रिंस के अनुसार उन्होंने 11 दिसंबर 2025 को नई कार खरीदी थी, जिसका पंजीकरण नंबर CH01DB 6443 है। 31 दिसंबर की रात, जब नए साल को लेकर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी, उन्होंने सेक्टर-35 मार्केट के पास एक कार देखी, जिस पर उनकी ही गाड़ी का नंबर दर्ज था।

शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद नंबर पढ़ने में गलती हुई है, लेकिन 2 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर ट्रैफिक चालान का मैसेज आने के बाद संदेह गहराया। मैसेज में विकास मार्ग पर उनकी कार का चालान कटने की जानकारी थी, जबकि उस समय उनकी गाड़ी वहां मौजूद नहीं थी। इसके बाद 9 जनवरी को सेक्टर-31 क्षेत्र से दूसरा चालान भी जारी हुआ।
लगातार चालान मिलने पर प्रिंस ने एसपी विंडो, सेक्टर-9 में शिकायत दर्ज कराई। जांच सेक्टर-17 थाना पुलिस को सौंपी गई, लेकिन इसके बावजूद 14 जनवरी को सेक्टर-25 और सेक्टर-36 के लाइट प्वाइंट से चालान कटने के मैसेज आते रहे।
पुलिस जांच में अहम सुराग तब मिला, जब फास्ट टैग रिकॉर्ड से पता चला कि फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से हिमाचल प्रदेश के बद्दी टोल प्लाजा पर भुगतान किया गया था। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहाली निवासी सोहेब और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया और क्या इसका संबंध किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से भी है।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!