मनीमाजरा से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में ललित गोयल, टिकट मिला तो पार्किंग और खेल मैदान बनवाने का वादा
50 साल से भाजपा से जुड़े परिवार का दावा, पार्टी जहां से मौका देगी वहां लड़ेंगे चुनाव; बोले- वादे पूरे नहीं हुए तो दो साल में इस्तीफा दे दूंगा
नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच मनीमाजरा में भाजपा नेता ललित गोयल ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर स्थानीय राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए हैं। भाजपा के साथ करीब 50 साल पुराने पारिवारिक जुड़ाव का हवाला देते हुए गोयल ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से संगठन की सेवा करता आया है। अब मनीमाजरा के लोगों की मांग पर वह खुद चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं। हालांकि, टिकट किस वार्ड से मिलेगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।
एक इंटरव्यू में ललित गोयल ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है तो मनीमाजरा में मल्टीलेवल पार्किंग और बच्चों के लिए खेल मैदान बनवाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि ये काम एक-दो साल में पूरे नहीं हुए तो वह इस्तीफा देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
गोयल ने स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए कहा कि मनीमाजरा के बाजारों में पार्किंग की कमी के कारण दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी होती है। इसके अलावा वार्ड नंबर-5 में टूटी सड़कों, जलभराव, पार्क और बच्चों के खेल मैदान की कमी जैसे मुद्दे भी उन्होंने उठाए। उन्होंने सांसद मनीष तिवारी द्वारा लगवाए गए CCTV कैमरों में से करीब 80 प्रतिशत के बंद होने का दावा भी किया और इसकी जांच की मांग की।

24 घंटे पानी की आपूर्ति के पायलट प्रोजेक्ट पर विपक्ष के सवालों के बीच गोयल ने स्वीकार किया कि अभी लगातार 24 घंटे पानी नहीं मिल रहा, लेकिन पहले की तुलना में आपूर्ति का समय बढ़ा है। उन्होंने भाजपा की चुनावी संभावनाओं को लेकर 35 में से 35 सीटें जीतने का दावा किया और कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।
ललित गोयल ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी उम्मीदवारी पार्टी के फैसले पर निर्भर है। ऐसे में उनके चुनावी दावों के साथ मनीमाजरा के लिए किए गए पार्किंग, खेल मैदान और अन्य सुविधाओं के वादे भी चर्चा में हैं। अब देखना होगा कि भाजपा उन्हें टिकट देती है या नहीं और उनके उठाए स्थानीय मुद्दों पर चुनाव से पहले कितना काम आगे बढ़ता है।
कौन है ललित गोयल ?
ललित गोयल चंडीगढ़ के मक्खन माजरा में बन रहे खाटू श्याम मंदिर के वर्तमान में प्रधान है इसके अलावा भी उनके पास अनेकों अलग-अलग संस्थाओं की जिम्मेदारियां है । वह समाज सेवी भी है और अक्सर लोग उनको कमजोर वर्ग के लोगों की मदद करते हुए देख सकते हैं। गोयल बीजेपी में जिला पंडित दीनदयाल उपाध्याय व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक भी है ।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!