प्रेम गर्ग के बयान से शुरू हुआ विवाद, राजेश कालिया की टिप्पणी पर भड़का अग्रवाल समाज; भाजपा में मौजूद बनिया समुदाय के नेताओं में भी नाराजगी की चर्चा
एक व्यक्ति की टिप्पणी को पूरे समाज से जोड़ने पर उठे सवाल, पूर्व पार्षद के बेटे विकास गुप्ता ने राजेश कालिया से सार्वजनिक माफी मांगने की उठाई मांग; जगमोहन गर्ग से भी हस्तक्षेप की अपील
नगर निगम चुनाव से पहले नेताओं के बीच शुरू हुई जुबानी जंग अब राजनीतिक दायरे से निकलकर सामाजिक विवाद का रूप लेती दिखाई दे रही है। आम आदमी पार्टी के नेता प्रेम गर्ग और भाजपा नेता एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर राजेश कालिया के बीच सोशल मीडिया पर हुई बयानबाजी ने अग्रवाल समाज में नाराजगी पैदा कर दी है। विवाद की वजह प्रेम गर्ग की एक सोशल मीडिया पोस्ट बताई जा रही है, लेकिन इसके जवाब में राजेश कालिया की ओर से पूरे समाज को लेकर की गई टिप्पणी अब अलग बहस का विषय बन गई है। इस मामले में अग्रवाल समाज के कई लोगों ने आपत्ति जताई है। यहां तक कि भाजपा के ही भीतर मौजूद बनिया समाज से जुड़े कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी की चर्चा है।
दरअसल, विवाद की शुरुआत प्रेम गर्ग की ओर से व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर राजेश कालिया को लेकर की गई टिप्पणी से हुई। प्रेम गर्ग ने अपने संदेश में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिस पर राजेश कालिया ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई। उन्होंने इसे केवल व्यक्तिगत टिप्पणी मानने के बजाय पूरे समाज के सम्मान से जोड़ दिया। मामला बढ़ने के बाद प्रेम गर्ग ने संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी, लेकिन तब तक उसका स्क्रीनशॉट और संदेश विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल चुका था। इसके बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया।

प्रेम गर्ग से नाराजगी अपनी जगह, पूरे समाज को निशाने पर लेने पर सवाल
इस पूरे प्रकरण में अग्रवाल समाज की मुख्य आपत्ति यह है कि यदि प्रेम गर्ग की टिप्पणी से राजेश कालिया को आपत्ति थी तो उसका जवाब व्यक्तिगत स्तर पर दिया जाना चाहिए था। किसी एक व्यक्ति की राजनीतिक या व्यक्तिगत टिप्पणी के लिए पूरे अग्रवाल अथवा बनिया समाज को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं माना जा रहा। समाज के लोगों का तर्क है कि राजनीतिक मतभेद और व्यक्तिगत बयानबाजी को जातीय या सामाजिक पहचान से जोड़ने से अनावश्यक तनाव पैदा होता है।
दिलचस्प बात यह है कि इस विवाद को लेकर भाजपा में भी बनिया समाज से जुड़े नेताओं की नाराजगी की चर्चाएं हैं। हालांकि, पार्टी के अधिकांश ऐसे नेताओं ने अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में उनकी चुप्पी के बीच सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है।
विकास गुप्ता ने उठाई माफी की मांग, जगमोहन गर्ग से भी मांगा हस्तक्षेप
इस मामले में पूर्व पार्षद देशराज गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता ने खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से राजेश कालिया से बनिया समुदाय के प्रति की गई टिप्पणी को लेकर माफी मांगने की मांग की है। विकास गुप्ता का कहना है कि राजनीति अपनी जगह है और नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी होते रहते हैं, लेकिन किसी एक व्यक्ति के साथ विवाद होने पर पूरे समाज को निशाना बनाना अलग बात है।

उनका तर्क है कि यदि प्रेम गर्ग से कोई नाराजगी है तो उसका जवाब प्रेम गर्ग को दिया जाना चाहिए। पूरे अग्रवाल या बनिया समाज को इस विवाद में घसीटना समाज के सम्मान से जुड़ा विषय बन जाता है। विकास गुप्ता ने हाल ही में पंचकूला अग्रवाल समाज का चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने जगमोहन गर्ग से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और समाज की भावनाओं को सामने रखने की अपील की है।
चुनावी राजनीति के बीच सामाजिक समीकरणों पर भी नजर
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियों के बीच इस विवाद ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। नेताओं की व्यक्तिगत बयानबाजी का असर अब सामाजिक संगठनों और समुदायों तक पहुंच रहा है। एक तरफ प्रेम गर्ग की टिप्पणी को लेकर आपत्ति है तो दूसरी तरफ राजेश कालिया की प्रतिक्रिया को पूरे समाज से जोड़ने पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रेम गर्ग और राजेश कालिया इस विवाद पर आगे क्या रुख अपनाते हैं और क्या समाज के प्रतिनिधि भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। फिलहाल, एक सोशल मीडिया संदेश से शुरू हुआ विवाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ अग्रवाल समाज में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!