बरवाला क्षेत्र में पराली जलाने का सिलसिला जारी, धुएं से प्रदूषित हो रहा वातावरण; हादसों का भी बढ़ा खतरा
प्रशासन की निगरानी और सख्ती के बावजूद नहीं रुक रही पराली में आग लगाने की घटनाएं, अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया के आसपास कूड़े के ढेर भी जलाए जा रहे
बरवाला। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी एवं सख्ती के बावजूद बरवाला क्षेत्र में पराली जलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खेतों से निकाली गई पराली को सड़कों के किनारे एकत्रित कर उसमें आग लगाई जा रही है। इससे आसपास का वातावरण लगातार प्रदूषित हो रहा है। वहीं, सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी धुएं के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर धुआं फैलने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
क्षेत्र में केवल पराली ही नहीं, बल्कि अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया के आसपास सहित कई अन्य स्थानों पर सड़कों के किनारे और खाली जगहों पर जमा कूड़े-कर्कट के ढेरों में भी आग लगाकर उन्हें जलाया जा रहा है। कूड़े और पराली से उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के वातावरण को दूषित कर रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पराली और कूड़ा जलाने की घटनाओं के कारण क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहता है। इससे सांस लेने में परेशानी के साथ-साथ आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक है।
लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की ओर से निगरानी और कार्रवाई के दावे किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर इन घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। सड़कों के किनारे पराली और कूड़ा जलाए जाने से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सड़क सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि पराली एवं कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, सड़कों के किनारे जमा पराली और कूड़े का उचित निस्तारण करवाया जाए, ताकि वातावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके और वाहन चालकों सहित आमजन को राहत मिल सके।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!