हरियाणा की डायरी : अनिल विज का कहना, वह अंबाला के, अंबाला उनका
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज का कहना है कि वह अंबाला की समस्याओं को बाहर से नहीं देखते। उल्लेखनीय है कि विज खुद अंबाला में रहते हैं और प्रतिदिन चंडीगढ़ से अंबाला आते-जाते हैं।
हरियाणा में कई बार मंत्री रहने के बावजूद उन्होंने चंडीगढ़ में सरकारी कोठी नहीं ली। विधायक रहते हुए भी उन्होंने एमएलए फ्लैट नहीं लिया। वह वर्षों से सुबह जल्दी अंबाला के टी-प्वाइंट पर जाकर स्थानीय लोगों के साथ बैठते और बातचीत करते रहे हैं। उनके अनुसार, इस कारण उन्हें अंबाला की जमीनी समस्याओं और लोगों की चिंताओं की सीधी जानकारी रहती है।
विज के खिलाफ 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के भीतर से भी कुछ लोगों द्वारा उनके खिलाफ विरोध और बगावत की स्थिति बनी थी। उनके खिलाफ चुनावी माहौल बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी कार्यप्रणाली और जनता से सीधे संपर्क के दम पर सातवीं बार विधायक चुने गए। विज पर अंबाला की जनता ने हर बार अपना विश्वास जताया है।
विज ने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले पर विस्तृत बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर बैठक बुलाएं, उसमें उन्हें भी शामिल किया जाए और उन सभी अधिकारियों को बुलाया जाए जिन्होंने फ्री होल्ड नीति तैयार की है। इसके साथ ही प्रभावित लोगों और अन्य सभी संबंधित पक्षों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए।
विज का कहना है कि सभी पक्षों को सुनने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाना चाहिए। उनका सुझाव है कि नीति के कानूनी, प्रशासनिक, आर्थिक और सामाजिक प्रभावों का व्यापक अध्ययन किया जाए, ताकि ऐसा समाधान निकले जो हाईकोर्ट के निर्देशों का भी पालन करे और अंबाला के नागरिकों के हितों की भी रक्षा करे।
लोक संपर्क विभाग को मिले नए कप्तान
हरियाणा लोक संपर्क विभाग, चंडीगढ़ में महानिदेशक के पद पर भी बदलाव किया गया है, जिसकी कमान अब डॉक्टर आदित्य दहिया को दी गई है।
डॉ. आदित्य दहिया इससे पूर्व एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में डॉक्टर थे। फिर उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा का रास्ता चुना और आज वे हरियाणा सरकार के कुशल, संवेदनशील और परिणामोन्मुख अधिकारियों में गिने जाते हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासनिक सुधार, मानव संसाधन, जिला प्रशासन और सुशासन जैसे अनेक क्षेत्रों में उनके कार्यों ने उन्हें एक बहुआयामी प्रशासक के रूप में स्थापित किया है। इसके अलावा हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पब्लिक हेल्थ में मास्टर डिग्री भी हासिल की हुई है।
हाल ही में हरियाणा सरकार ने उन्हें महानिदेशक, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग (डीजीआईपीआर) की जिम्मेदारी सौंपी है, जो उनकी प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व पर सरकार के भरोसे को दर्शाता है।
इससे पहले इस पद पर आईएएस अधिकारी केएम पांडुरंग तैनात थे, जिन्हें अब आयुक्त एवं सचिव, लोक संपर्क विभाग सहित अन्य विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
न सुरक्षा का काफिला, न वीआईपी अंदाज़…
राजनीति में अक्सर यह माना जाता है कि जैसे-जैसे कोई नेता ऊंचे संवैधानिक पद पर पहुंचता है, वैसे-वैसे उसके और आम जनता के बीच दूरी बढ़ने लगती है। सुरक्षा के कड़े घेरे, लंबा काफिला और तय प्रोटोकॉल उसकी पहचान बन जाते हैं। लेकिन हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि की असली ताकत जनता के बीच रहने में होती है, न कि सुरक्षा घेरे में।
हाल ही में घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं। इन तस्वीरों में विधानसभा अध्यक्ष बिना किसी सुरक्षा काफिले के एक साथी के साथ दोपहिया वाहन पर बाजार की गलियों में घूमते नजर आए। कहीं वे समोसे की दुकान पर रुककर लोगों से बातचीत कर रहे थे, तो कहीं पुराने साथियों का हालचाल पूछ रहे थे।
जिसने भी यह दृश्य देखा, वह कुछ पल के लिए हैरान जरूर हुआ, लेकिन अगले ही पल हर किसी के चेहरे पर मुस्कान थी।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष का पद राज्य का एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद है। स्वाभाविक रूप से इस पद के साथ विशेष सुरक्षा और प्रोटोकॉल भी जुड़े होते हैं। लेकिन हरविंदर कल्याण का मानना है कि जनता से दूरी बनाकर जनप्रतिनिधित्व नहीं किया जा सकता।
सुशासन की दिशा में नायब सिंह सैनी की निर्णायक पहल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रशासनिक सुधारों को लगातार गति दे रही है। सरकार का मानना है कि यदि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिक तक नहीं पहुंच पाएगा। इसी सोच के साथ भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को नई दिशा दी गई है।
सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जनता को सरकारी काम करवाने के लिए रिश्वत देने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष सेवाएं उपलब्ध कराना है। यही कारण है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को केवल ट्रैप तक सीमित न रखकर पूरे तंत्र में सुधार का अभियान बनाया गया है।
प्रदेश के कई सांसदों और विधायकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार की शिकायतें रखी थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद एसीबी ने पूरे प्रदेश में विस्तृत समीक्षा करते हुए ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान शुरू की, जिनके खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं। इस अभियान के तहत अब तक 140 ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को चिन्हित किया गया है।
गब्बर के बदलते तेवर
ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि यदि अंबाला छावनी के लोगों को अपने वैध अधिकारों के लिए सरकार के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा तो वह सरकार के साथ नहीं, बल्कि जनता के साथ खड़े होंगे।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो धरने होंगे, प्रदर्शन होंगे, रैलियां होंगी और वह स्वयं जनता के साथ बैठेंगे।
उनका यह बयान प्रदेश की राजनीति में इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वह स्वयं राज्य सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हैं और अपनी ही सरकार की प्रस्तावित नीति पर खुलकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।
अनिल विज का यह रुख केवल अंबाला छावनी तक सीमित नहीं माना जा रहा। यदि सरकार इस नीति में संशोधन करती है तो यह प्रदेश में जनभावनाओं के अनुरूप नीति निर्माण का बड़ा उदाहरण होगा। वहीं, यदि मतभेद बने रहते हैं तो यह मामला कैबिनेट, अदालत और सड़कों तक पहुंच सकता है।
फिलहाल निगाहें अगली कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि सरकार विज की आपत्तियों को स्वीकार कर नीति में बदलाव करती है या फिर यह मुद्दा प्रदेश के सबसे बड़े जनआंदोलनों में से एक का रूप लेता है।
प्रदेश में हर तरफ प्रभु नाम की गूंज
सावन मास के चलते पहले से ही हर तरफ भगवान भोले शंकर के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी भोलेनाथ का आशीर्वाद लेते हुए प्रदेश की मंगल कामना के लिए पूजा-अर्चना की थी।
वहीं, उन्होंने परिवार सहित कान्हा की नगरी मथुरा में भी दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। वहां पर भी उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
वहीं दूसरी ओर, समरसता यात्रा के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के पावन जन्म स्थल सीर गोवर्धनपुर से पावन पवित्र मिट्टी को कलश वंदन कार्यक्रम के तहत प्रदेश के घर-घर पहुंचाया जा रहा है।
जिसके लिए मुख्यमंत्री सहित कार्यक्रम के संयोजक कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कैबिनेट मंत्री कृष्ण पंवार सहित सारा भाजपा परिवार व प्रदेश भक्ति के रंग में डूबा हुआ है।
म्हारे छोरे-छोरियां न सात समुंदर पार गाड़े झंडे
हाल ही में ग्लासगो में समाप्त हुए कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए साबित कर दिया कि हरियाणा खेल क्षेत्र का सिरमौर है।
प्रदेश के 1 या 2 नहीं, बल्कि 7 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक देश की झोली में डाले। इसके अलावा रजत और कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम दुनिया भर में चमकाने का काम किया।
खिलाड़ियों के पंच, आध्यात्मिक नगरी भिवानी में बरसा सोना
कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा की ओर से खिलाड़ियों द्वारा सात स्वर्ण पदक जीतकर दुनिया में हरियाणा की खेल शक्ति का एक बार फिर झंडा बुलंद किया गया। जिसमें अकेले मुक्केबाजी में पांच स्वर्ण पदक भिवानी के छोरे-छोरियां ने जीते।
हिसार जिले से भी मुक्केबाजी में, वहीं रेवाड़ी से शॉट पुट में स्वर्ण जीता। इसके अलावा नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में रजत सहित अन्य खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित करने का अवसर दिया।
नायब सरकार करेगी खिलाड़ियों पर जल्द ही इनामों की बौछार
कॉमनवेल्थ खेलों से जैसे ही खिलाड़ियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर कदम रखा, सभी पदकवीरों का हरियाणा सरकार ने ग्रैंड वेलकम किया। जिसके लिए बाकायदा हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम एयरपोर्ट पहुंचे।
जहां उन्होंने सभी खिलाड़ियों को गुलदस्ते देकर पारंपरिक तरीके से अभिनंदन और स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को देश का मान बढ़ाने के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
हालांकि नायब सरकार भी जल्द ही खिलाड़ियों पर इनामी राशि और पुरस्कारों की बौछार करने के लिए तत्पर है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले अपराधियों पर कसी नकेल
हरियाणा पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 4 दिनों में 1,253 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार किए, 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट कीं और 18 नई हिस्ट्रीशीट भी खोली हैं।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंगल द्वारा स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम 15 अगस्त से पूर्व प्रदेश भर में अपराधियों पर प्रहार किया गया है। जिसमें ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य कई बड़े अपराधियों की धर-पकड़ जारी है।
ऐसे में पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई से प्रदेश सरकार की चौतरफा प्रशंसा की जा रही है।
हरियाणा में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
पिछले महीने ही हरियाणा सरकार के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त हुए थे। वहीं, कुछ अधिकारी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर भी गए हुए हैं। यही नहीं, कई अधिकारियों के विरुद्ध चल रहे भ्रष्टाचार के मामलों से सलाखों के पीछे होने से सरकार में प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।
इसके चलते चर्चाओं का बाजार गर्म था कि जल्द ही प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है। आखिरकार प्रदेश सरकार द्वारा एक बार फिर से आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
प्रदेश में झमाझम बरस रहे हैं बदरा
सावन मास होने के कारण वैसे ही कुदरत हमेशा ही मेहरबान रहती है। हर तरफ हरियाली और आसमान से बरसने वाली बरसात रूपी पानी की बूंदें जहां धरती की प्यास बुझाती हैं, वहीं प्रदेश के आमजन सहित प्रत्येक जीव को भीषण गर्मी से राहत मिलती है।
प्रदेश में हर तरफ हो रही बरसात से धरतीपुत्र के चेहरे पर भी मुस्कान खिली है। क्योंकि धान की फसल के लिए भूमिगत जल के अलावा इंद्रदेव की कृपा भी बहुत जरूरी है।
बारिश कम होने से उमस बढ़ने के कारण लोगों को बारिश का काफी समय से इंतजार था।
प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!