अमरनाथ यात्रियों से भरी बस गांदरबल में खाई में गिरी, 39 श्रद्धालु घायल
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। हादसा हरिगनीवान क्षेत्र के एस-मोड़ के पास हुआ, जहां बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे, जो बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी सहायता के लिए पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं तथा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कंगन अस्पताल और अन्य चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में 39 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें कुछ यात्रियों को सिर सहित अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना में किसी श्रद्धालु की मृत्यु की सूचना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। खराब मौसम और भूस्खलन के कारण यात्रा कुछ समय के लिए स्थगित की गई थी, लेकिन परिस्थितियां सामान्य होने पर इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। यात्रा का समापन 28 अगस्त 2026 को श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) के अवसर पर प्रस्तावित है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!