केवीआईसी चंडीगढ़ द्वारा पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में 10-दिवसीय पीएमईजीपी प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
राज्य कार्यालय, खादी और ग्रामोद्योग आयोग (के.वी.आई.सी), चंडीगढ़ द्वारा आयोजित क्षेत्रीय स्तर की पी.एम.ई.जी.पी प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों—पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर तथा बिहार—से खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रीमियम उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला एक ही मंच पर प्रस्तुत की जा रही है। यह प्रदर्शनी पारंपरिक शिल्पकला, सतत विकास और उद्यमिता की भावना को प्रदर्शित करती है तथा आगंतुकों को एक ही छत के नीचे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव प्रदान करती है।
85 से अधिक प्रचार-सह-विक्रय स्टॉलों के साथ यह प्रदर्शनी दशहरा ग्राउंड (शालीमार ग्राउंड), सेक्टर-5, पंचकूला में खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों का एक जीवंत और प्रामाणिक बाज़ार उपलब्ध कराती है। यह प्रदर्शनी 30 जनवरी 2026 से 8 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है तथा जन-प्रतिक्रिया के आधार पर इसे अतिरिक्त दो दिनों के लिए बढ़ाए जाने की संभावना है।
प्रदर्शनी में खादी और पीएमईजीपी उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई है, जो पारंपरिक शिल्पकला की समृद्धता को आधुनिक उपयोगिता के साथ प्रस्तुत करती है। प्रदर्शित प्रमुख उत्पाद श्रेणियाँ निम्नलिखित हैं:
- वस्त्र एवं परिधान: हस्तकरघा सूती, रेशमी एवं पॉलीवस्त्र कपड़े, पॉली-ऊन फैब्रिक, कुर्तियां, बेडशीट, तकिया कवर, परदे तथा अन्य परिधान।
- जैकेट एवं वेस्टकोट: प्रिंटेड खादी सूती जैकेट, कानपुरी प्रिंटेड कुर्ते, रिवर्सिबल जैकेट, पॉलीवस्त्र बंदी/हाफ जैकेट एवं संबंधित परिधान।
- हर्बल एवं आयुर्वेदिक व्यक्तिगत देखभाल उत्पाद: आयुर्वेदिक औषधियाँ, हर्बल चाय, कंडीशनर, साबुन, मालिश तेल, फेस वॉश, लोशन, लिप बाम, सनस्क्रीन, हेयर ऑयल, अगरबत्ती, धूप एवं अन्य प्राकृतिक उत्पाद।
- होम फर्निशिंग एवं उपयोगी वस्तुएँ: तौलिए, कंबल, मेज़पोश, कुशन कवर एवं सजावटी वस्तुएँ।
- खाद्य उत्पाद: शहद, जैम, अचार एवं पीएमईजीपी इकाइयों द्वारा तैयार अन्य मूल्य-संवर्धित खाद्य उत्पाद।
- एक्सेसरीज़: ऊनी शॉल, गर्म स्टोल, दुपट्टे, पर्स तथा विभिन्न प्रकार के चमड़े के उत्पाद।
प्रदर्शनी अवधि के दौरान आगंतुकों के लाभ हेतु अगरबत्ती निर्माण मशीनों, पॉटरी निर्माण तथा देसी चरखा, बॉक्स चरखा और एनएमसी चरखा जैसी विभिन्न कताई तकनीकों के लाइव प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, एक विशेष खादी सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया है, जहाँ खादी प्रेमी फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। 100 या उससे अधिक लाइक्स प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक सरप्राइज उपहार प्रदान किए जाएंगे।
मित्रों एवं परिवारों को अपने बच्चों सहित प्रदर्शनी में पधारने के लिए सादर आमंत्रित किया जाता है, जहाँ वे शीतकालीन संध्याओं का आनंद लेते हुए फूड स्टॉल्स पर गर्म नाश्ते का स्वाद ले सकते हैं। बच्चे पॉटरी निर्माण एवं चरखा कताई गतिविधियों में भाग लेकर इस भ्रमण को शैक्षणिक एवं मनोरंजक बना सकते हैं। आगंतुकों से अनुरोध है कि वे अपने परिवार सहित शीघ्र प्रदर्शनी का भ्रमण करें, प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद ले सकते हैं। प्रामाणिक खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीद करें तथा खादी एवं पी.एम.ई.जी.पी उद्यमियों को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इस प्रकार की सहभागिता से लघु, सूक्ष्म एवं ग्रामोद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय उद्यमिता सुदृढ़ होगी तथा आत्मनिर्भरता, सतत आजीविका और स्वदेशी उत्पादन को प्रोत्साहित करते हुए मेक इन इंडिया के दृष्टिकोण को मजबूती मिलेगी।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!