सुंदर बहू चाहिए के अखबारों में छपवाते थे विज्ञापन : बागपत में ‘सुंदर बहू’ के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
शादी के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला बागपत में सामने आया है। यहां समाचार पत्रों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर “सुंदर बहू चाहिए” जैसे विज्ञापनों के जरिए लोगों को शादी का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये ठगे गए। पुलिस ने इस मामले में दो अंतर्राज्यीय ठग, नावेद और भूरा, को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पिछले 7-8 सालों से इस तरह की ठगी की है। बड़ौत कस्बे के एक पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंचा गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी विज्ञापन प्रकाशित कराते और संपर्क में आने वाले लोगों से विश्वास जीतते। शादी की तारीख तय करने के बाद अचानक कोई एक्सीडेंट, बीमारी या पारिवारिक आपात स्थिति का बहाना बनाकर 20-25 हजार रुपये या उससे अधिक रकम ट्रांसफर करने को कहते थे। पीड़ित पैसे भेज देता और इसके बाद आरोपी मोबाइल बंद कर देते थे।
एएसपी प्रवीण चौहान ने बताया कि इसी तरीके से आरोपियों ने बीते दस वर्षों में एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। मुख्य आरोपी नावेद के खिलाफ देशभर के 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल, एक टैबलेट, लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद किए। आरोपी फर्जी पहचान पत्र और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर अलग-अलग शहरों में ठगी करते थे।
एएसपी प्रवीण चौहान ने जनता से अपील की है कि किसी भी शादी, नौकरी या निवेश संबंधी ऑनलाइन ऑफर पर बिना जांच के विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!