दिल्ली से निकलेगा रूस-यूक्रेन शांति का रास्ता? जेलेंस्की और पुतिन दोनों करेंगे भारत का दौरा
नई दिल्ली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के भारत दौरे को लेकर हलचल तेज हो गई है। भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने बताया कि जेलेंस्की जल्द भारत आ सकते हैं। हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन बातचीत जारी है। यह वही निमंत्रण है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष की अपनी यूक्रेन यात्रा के दौरान जेलेंस्की को दिया था।
दिलचस्प बात यह है कि इसी साल के अंत तक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत का दौरा करने वाले हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की हाल की मॉस्को यात्रा में इसकी पुष्टि की गई थी। ऐसे में दोनों नेताओं की भारत यात्रा से यह उम्मीद जग रही है कि शायद दिल्ली शांति वार्ता का नया मंच बन सके।
अब तक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल और पुतिन से हुई उनकी ऐतिहासिक मुलाकात भी रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में नाकाम रही है। लेकिन भारत की स्थिति अलग है—एक ओर रूस के साथ दशकों पुराने भरोसेमंद संबंध हैं तो दूसरी ओर यूक्रेन से भी हाल के वर्षों में साझेदारी मजबूत हुई है। यही वजह है कि कूटनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि दिल्ली रूस और यूक्रेन के बीच संभावित मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है।
यूक्रेन के राजदूत का कहना है कि भारत और यूक्रेन के बीच भविष्य की रणनीतिक साझेदारी की घोषणा पहले ही हो चुकी है और इस दौरे से रिश्तों को नई ऊंचाई मिलेगी। अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ तो यह भारत के लिए न सिर्फ कूटनीतिक उपलब्धि होगी बल्कि युद्ध को रोकने की दिशा में एक अहम कदम भी साबित हो सकता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!