CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का रिजल्ट घोषित: 88.39% विद्यार्थी पास, लड़कियों ने मारी बाजी; प्रयागराज रीजन रहा सबसे पीछे
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस वर्ष कुल 88.39% विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और results.cbse.nic.in पर छात्र अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके अतिरिक्त, DigiLocker, UMANG ऐप और SMS के माध्यम से भी मार्कशीट प्राप्त की जा सकती है।
इस बार लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। उनका पास प्रतिशत 91% से अधिक रहा, जो लड़कों के मुकाबले 5.94% अधिक है। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पास प्रतिशत में 0.41% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रीजन वाइज प्रदर्शन की बात करें तो विजयवाड़ा रीजन 99.60% के साथ सबसे आगे रहा, जबकि प्रयागराज क्षेत्र सबसे नीचे रहा जहां केवल 79.53% विद्यार्थी ही पास हो सके। त्रिवेंद्रम (99.32%) और चेन्नई (97.39%) जैसे रीजन भी शीर्ष पर रहे। पंचकूला समेत चंडीगढ़ रीजन में 91.61% विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 4 अप्रैल के बीच आयोजित की गई थीं, जिसमें करीब 17.88 लाख छात्र शामिल हुए। 10वीं और 12वीं को मिलाकर कुल लगभग 42 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।
CBSE ने परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी कोई मेरिट लिस्ट या टॉपर सूची जारी नहीं की है। बोर्ड सभी शैक्षणिक संस्थानों को यह निर्देश देता है कि किसी भी छात्र को जिले या स्कूल का टॉपर घोषित न किया जाए।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे स्कूल से ही अपनी ओरिजिनल मार्कशीट प्राप्त करें, क्योंकि ऑनलाइन दी गई मार्कशीट केवल अस्थायी होती है। आगे की पढ़ाई, प्रवेश और अन्य सरकारी प्रक्रियाओं के लिए मूल प्रमाणपत्र अनिवार्य होता है।
Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!